डिपुओं में अब सरिया-सीमेंट के साथ बिकेंगी इलेक्ट्रिक गाड़ियां

Spread the love

आवाज ए हिमाचल 

03 जून। डिपो में सस्ता राशन, सीमेंट और सरिया बेचने के साथ अब खाद्य आपूर्ति निगम हिमाचल प्रदेश में इलेक्ट्रिक गाडिय़ां, सेनेटाइजर मशीनें, अग्नि संयंत्र और सोलर लाइट्स भी बेचेगा। इसके साथ ही हिमाचल में चार्जिंग स्टेशन होंगे, जहां इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरियां चार्ज की जाएंगी। वहीं, निगम के डिपो में धूप और अगरबत्ती भी बेचने पर भी प्लानिंग हो रही है। इसको लेकर खाद्य आपूर्ति निगम और केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के बीच एमओयू साइन हो गया है।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिंद्र गर्ग ने कोरोना महामारी के दौरान प्रदेश के प्रत्येक स्थान पर खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित करने में नागरिक आपूर्ति निगम की सराहना करते हुए कहा कि पारदर्शी कार्यप्रणाली के कारण निगम की स्वच्छ छवि बनी है। शुक्रवार को मंत्री खाद्य आपूर्ति विभाग और निगम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत उत्पादों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए और निगम का कारोबार बढ़ाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

राजिंद्र गर्ग ने निगम के अधिकारियों को नागरिक आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए और कहा कि परिचालन लागत को कम करने के लिए रणनीति तैयार की जानी चाहिए, ताकि निगम लाभ अर्जित करने वाली संस्था बन सके। उन्होंने मांग आदेश समय पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि हर माह की 10 तारीख तक राज्य के गोदामों में खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति हो सके। प्रदेश के अधिक से अधिक अस्पतालों में नागरिक आपूर्ति की नई दुकानें खोलने के प्रयास किए जाने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *