आवाज़ ए हिमाचल
24 मार्च 2026/ परवाणू क्षेत्र के सभी बूथों की एक अहम और रणनीतिक बैठक आज अवतार जमवाल एवं ग्राम केंद्र प्रमुख केवल कृष्ण की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ आगामी चुनावी तैयारियों और कार्यक्रमों की विस्तृत रणनीति पर गंभीरता से चर्चा की गई। बैठक में मंडल उपाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला सचिव किरण चौहान तथा टकसाल पंचायत की प्रधान संतोष देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं, जबकि विभिन्न पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक और कार्यसमिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने-अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। बैठक के दौरान संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिव्यू) अभियान, “मन की बात” कार्यक्रम तथा 28 मार्च तक चल रहे नए मतदाता पंजीकरण अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को लक्ष्य निर्धारित कर नए मतदाताओं को जोड़ने तथा छूटे हुए नामों को सूची में शामिल कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। नेताओं ने कहा कि मजबूत बूथ प्रबंधन ही किसी भी चुनाव में जीत की कुंजी होता है, इसलिए हर कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना होगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में बूथ स्तर पर छोटे-छोटे कार्यक्रमों का आयोजन कर जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा, जिससे संगठन और जनसमर्थन दोनों को मजबूती मिले। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने में जुटें और हर स्तर पर पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाएं, ताकि भविष्य में बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।