मंडी में सनसनी: रिटायर फौजी की फायरिंग में पोता घायल, पारिवारिक विवाद बना वजह

23 मार्च: मंडी जिले के लोहारा गांव में रविवार रात पारिवारिक विवाद के दौरान एक सेवानिवृत्त फौजी द्वारा की गई फायरिंग में उसका पोता उमेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पहले नेरचौक मेडिकल कॉलेज, फिर एम्स बिलासपुर और बाद में गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी बहादुर सिंह शराब के नशे में परिवार के साथ विवाद कर रहा था। इसी दौरान उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। बताया जा रहा है कि बहू को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए पोते को गोली लग गई।

घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने आरोपी से हथियार छीन लिया। बाद में गुस्साए परिजनों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हथियार व कारतूस कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल पुलिस निगरानी में उपचाराधीन है और मामले की जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *