निवेश के नाम पर बड़ा साइबर जाल, पंचकूला निवासी से 54.50 लाख की ठगी

आवाज़ ए हिमाचल

23 मार्च 2026,पंचकुला हरियाणा /

निवेश के नाम पर साइबर ठगों की चालबाज़ी एक बार फिर सामने आई है। इस बार पंचकूला के एक व्यक्ति को शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर करीब 54 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। हालांकि, साइबर क्राइम थाना की सतर्क टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जून 2025 के आखिरी सप्ताह में पीड़ित को व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध संदेश मिला, जिसमें शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। ठगों ने एक लिंक भेजकर उसके मोबाइल में फर्जी ऐप इंस्टॉल करवा दिया। शुरुआत में छोटे निवेश पर मुनाफा दिखाकर आरोपी ने भरोसा जीता और धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करवाने का खेल शुरू किया।

बताया जा रहा है कि 6 जुलाई से 11 अगस्त 2025 के बीच पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 54.50 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। फर्जी ऐप में बढ़ता हुआ मुनाफा और कुछ रकम निकालने की सुविधा देकर ठगों ने विश्वास और मजबूत किया। बाद में ऐप में करोड़ों रुपये का नकली बैलेंस दिखाकर और निवेश के लिए दबाव बनाया गया। जब पीड़ित ने आगे पैसा डालने से इनकार किया, तो उसे धमकियां दी गईं और अचानक ऐप बंद कर दिया गया।

पीड़ित ने 26 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर 29 अगस्त को साइबर क्राइम थाना पंचकूला में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान साइबर टीम ने बैंक खातों की गहन पड़ताल करते हुए ठगी के नेटवर्क की परतें खोलीं और आरोपी कृष्णा कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया। उसके खाते से 4 लाख 65 हजार रुपये की ठगी राशि भी बरामद की गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह में कई अन्य लोग शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है। आरोपी को अदालत में पेश कर 7 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि साइबर अपराधी अब नए-नए तरीकों से लोगों को निवेश के नाम पर फंसा रहे हैं। उन्होंने अपील की कि किसी भी अनजान लिंक, ऐप या निवेश स्कीम पर बिना जांच के भरोसा न करें और पैसे ट्रांसफर करने से बचें।

👉 पुलिस ने यह भी सलाह दी है कि यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।

पंचकूला पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित को न्याय दिलाने और ठगी गई राशि की रिकवरी के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *