21 मार्च: जिला मुख्यालय हमीरपुर के गांधी चौक के पास शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गली में बेसुध अवस्था में पड़े शव के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं और मौके पर खून भी मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान मोहिंदर सिंह (52), निवासी गांव सासन, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है, जो पेशे से मिस्त्री थे। जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार सुबह काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह शव मिलने की सूचना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है, जिसने साक्ष्य एकत्र किए हैं। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि गिरने से गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने के कारण मौत हुई हो सकती है, हालांकि अन्य पहलुओं से भी जांच जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।