टाहलीवाल चोरी कांड का खुलासा: पंजाब के 3 आरोपी गिरफ्तार

21 मार्च: जिला ऊना के टाहलीवाल थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का पुलिस ने सफल खुलासा किया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया है।

पहला मामला 14 मार्च को सामने आया था, जब गांव कलेहड़ा निवासी अभिषेक शांडिल्य की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 20 हजार रुपये नकद और लगभग 70 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। इसके बाद 19 मार्च को टाहलीवाल निवासी ओमकार सिंह की दुकान से कोल्ड ड्रिंक चोरी होने की घटना दर्ज हुई।

दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया। जांच में सामने आया कि दोनों वारदातों में एक ही गिरोह शामिल था। इसके आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब के होशियारपुर जिले में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलविंद्र सिंह कौशल (32), करणवीर (24) और हरजिंद्र कुमार (30) निवासी जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर ली है और रिमांड लेकर चोरी किए गए सामान की बरामदगी व गिरोह के अन्य सदस्यों की जांच की जाएगी। एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *