20 मार्च: राजधानी शिमला के सुन्नी क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सड़क निर्माण कार्य में लगी मशीनों से डीजल और बैटरियां चोरी करने वाले इस गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 3 नाबालिग भी शामिल हैं।
मामला सामने तब आया जब निर्माण कंपनी को मशीनों से सामान चोरी होने का पता चला और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी भागकर पास की गहरी ढांक में उतर गए। पुलिस ने साहस दिखाते हुए रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर तीनों नाबालिगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि चौथे आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई दो पिकअप गाड़ियां (HP30-5790 और HP06B-5527) जब्त कर ली हैं। थाना सुन्नी में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी किए गए सामान की बरामदगी को लेकर जांच में जुटी है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।