5 साल तक ड्यूटी से गायब रही प्रवक्ता बर्खास्त, शिक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई

13 मार्च: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में शिक्षा विभाग ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के मामले में एक प्रवक्ता को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। तीसा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तैनात जीव विज्ञान की प्रवक्ता ज्वाइनिंग के बाद लंबे समय तक बिना अनुमति अनुपस्थित रहीं।

जानकारी के अनुसार प्रवक्ता ने 6 सितंबर 2019 को स्कूल में पदभार ग्रहण किया था, लेकिन इसके बाद वह केवल तीन दिन ही स्कूल आईं। इसके बाद उन्होंने कुछ समय तक छुट्टियों के आवेदन भेजे और 8 नवंबर 2019 से बिना अनुमति पूरी तरह ड्यूटी से अनुपस्थित हो गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने अक्टूबर 2024 में चार्जशीट जारी कर विभागीय जांच शुरू की। जांच के दौरान कई नोटिस भेजे गए, लेकिन प्रवक्ता ने न तो संतोषजनक जवाब दिया और न ही जांच में उपस्थित हुईं।

जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके जवाब में प्रवक्ता ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की मांग की, जिसे विभाग ने नियमों के तहत अस्वीकार कर दिया।

इसके बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए उन्हें सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया। विभाग का कहना है कि लंबे समय तक अनुपस्थिति के कारण स्कूल में छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *