11 मार्च: जिला बिलासपुर में वन्यजीव तस्करी से जुड़ा मामला सामने आया है। थाना बरमाणा पुलिस द्वारा 14 जनवरी को एक स्कूटी सवार महिला से बरामद किए गए 8 नाखून फोरेंसिक जांच में तेंदुए के पाए गए हैं। आरएफएसएल मंडी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने एसीसी चौक के पास नाकाबंदी के दौरान संदेह के आधार पर स्कूटी को रोका और तलाशी ली। इस दौरान एक लिफाफे से 8 नाखून बरामद हुए, जिन पर बाल और चमड़ी भी लगी हुई थी।
आरोपी महिला की पहचान कश्मीरी देवी निवासी बरमाणा के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये नाखून कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे दिया जाना था। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच जारी है।