20 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर क्षेत्र में एक निजी कंपनी पर निवेश और प्रोजेक्ट दिलाने के नाम पर लोगों से कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने पुलिस उप-अधीक्षक (DSP) को सामूहिक शिकायत सौंपते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, कंपनी ने ‘बुक स्कैनिंग और प्रिंटिंग’ प्रोजेक्ट के तहत घर बैठे काम देने का आश्वासन दिया था। कंपनी का मुख्य कार्यालय पंजाब में बताया जा रहा है। आरोप है कि एजेंटों ने निवेश पूरी तरह सुरक्षित होने का भरोसा दिलाया और शुरुआत में कुछ लोगों को भुगतान भी किया, जिससे अन्य लोग भी इस योजना से जुड़ गए।
उदय, अक्षय, जुबिन, अमन और विजय सहित अन्य शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कंपनी के निर्देश पर उन्होंने अपने निजी खर्च से कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य उपकरण खरीदे। कुछ समय बाद भुगतान बंद हो गया और कंपनी के प्रतिनिधियों से संपर्क नहीं हो सका।
पीड़ितों के अनुसार, उनकी निवेश की गई राशि फंसी हुई है और तैयार किया गया सेटअप अब उपयोग में नहीं आ रहा। इस घटना से स्थानीय युवाओं और छोटे निवेशकों में नाराजगी है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ताओं ने 14 नवंबर 2025 को औपचारिक शिकायत दर्ज कर कंपनी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।