16 फरवरी, जुखाला , अभिषेक मिश्रा:
दावीं घाटी हैंडबॉल ट्रेनिंग सेंटर, जुखाला में आयोजित 32वीं राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में एक बार फिर बिलासपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि किन्नौर की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जिलों की टीमों के कुल 176 खिलाड़ियों ने भाग लिया। किन्नौर की टीम ने इस बार इतिहास रचते हुए पहली बार फाइनल में प्रवेश किया और कड़े मुकाबले के बाद उपविजेता बनी।
फाइनल मुकाबला देर रात दूधिया रोशनी में खेला गया, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मैच की शुरुआत में किन्नौर ने पहला गोल दागकर बढ़त बनाई। पूरा मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहा और दोनों टीमें बराबरी पर खेलती रहीं। अंतिम मिनट तक स्कोर 32-32 से बराबर था। मैच खत्म होने से महज 20 सेकंड पहले बिलासपुर ने निर्णायक गोल दागकर 33-32 से जीत दर्ज की।
आयोजक सचिव विक्रम ठाकुर ने बताया कि दावीं घाटी हैंडबॉल ट्रेनिंग सेंटर हाल ही में तैयार हुआ है और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। प्रतियोगिता के सभी मैच हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के क्वालीफाइड रेफरी की निगरानी में आयोजित किए गए, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण भी किया गया।
प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वरुण शर्मा, देवेंद्र सिंह और ललित कुमार ने भी भाग लिया, जिससे दर्शकों को उच्च स्तर का खेल देखने का अवसर मिला।