हमीरपुर, 14 फरवरी :
हिमाचल प्रदेश पदोन्नत स्कूल प्रवक्ता संघ जिला हमीरपुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा सीबीएसई उप-कैडर में जाने वाले शिक्षकों की लियन (Lien) को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड में सुरक्षित रखने के निर्णय का स्वागत किया है। संघ का कहना है कि इस निर्णय से शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी और उनके सेवा हित सुरक्षित रहेंगे।
संघ के जिला प्रधान अजय कुमार नंदा, वित्त सचिव विनोद कुमार और कार्यकारिणी सदस्य सुरिन्दर कालिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान में कहा कि यह कदम शिक्षकों के भविष्य के लिए सकारात्मक और सराहनीय है। हालांकि संघ ने सीबीएसई उप-कैडर के लिए प्रस्तावित चयन परीक्षा का विरोध दर्ज कराया है।
संघ का तर्क है कि वर्तमान में कार्यरत शिक्षक अपने वर्षों के अनुभव, शैक्षणिक योग्यता और उत्कृष्ट परिणामों के माध्यम से अपनी दक्षता सिद्ध कर चुके हैं। ऐसे में पुनः परीक्षा लेना उनके अनुभव और सम्मान के अनुरूप नहीं है। संघ का मानना है कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार प्रशिक्षण और क्षमता-विकास कार्यक्रमों के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि अतिरिक्त परीक्षाओं के जरिए।
प्रदेश में लगभग 134 विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध किए जाने की प्रक्रिया जारी है, जिसके तहत शिक्षकों के चयन के लिए परीक्षा आयोजित करने की योजना है। इसी संदर्भ में मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यम से शिक्षकों की लियन सुरक्षित रखने के निर्देश जारी किए हैं। इससे पूर्व जारी अधिसूचना में लियन समाप्त करने का उल्लेख किया गया था।
संघ ने मांग की है कि इस निर्णय को राजपत्र (गजट अधिसूचना) में स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक जटिलता उत्पन्न न हो। साथ ही सरकार से चयन परीक्षा के निर्णय पर पुनर्विचार करने की भी अपील की गई है। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि इस विषय को लेकर सोमवार को जिला शिक्षा उपनिदेशक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।