बीबीएन, 13 फरवरी, कविता शांति गौतम:
बद्दी–पिंजौर एनएच-105 के टेंडर प्रक्रिया में लगातार नौवीं बार देरी होने से क्षेत्र में असंतोष बढ़ता जा रहा है। यह मार्ग बीबीएन क्षेत्र के लिए प्रमुख संपर्क सड़क माना जाता है, जिस पर उद्योग, व्यापार, शैक्षणिक संस्थानों और आम नागरिकों की आवाजाही निर्भर करती है।
स्थानीय संगठन श्री राम सेना के संयोजक राजेश जिंदल साधु ने सरकार और एनएचएआई से टेंडर प्रक्रिया पर स्पष्ट जानकारी देने की मांग की है। उनका कहना है कि बार-बार देरी के कारण सड़क की स्थिति खराब होती जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं, जाम और प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 19 फरवरी तक टेंडर प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ती है तो संगठन क्षेत्र के व्यापारी, उद्योग प्रतिनिधियों और अन्य सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जन आंदोलन शुरू करेगा।
संगठन ने मांग की है कि टेंडर की स्थिति और कार्यारंभ की समयसीमा सार्वजनिक की जाए तथा स्थायी निर्माण कार्य शुरू होने तक अंतरिम मरम्मत और यातायात सुरक्षा के उपाय तत्काल लागू किए जाएं।