मिड-डे मील वर्कर हत्याकांड: पैसों के विवाद और कथित आरोपों से उपजा विवाद, आरोपी गिरफ्तार

13 फरवरी: जिला कांगड़ा के चनौर प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील वर्कर सलोचना देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर प्रारंभिक जांच में घटना के कारणों का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद और आपसी रंजिश मुख्य वजह रही।

एसपी कांगड़ा मयंक चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राकेश उर्फ मोनू (45) मृतका का पड़ोसी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बेटे के बीच पहले एक टेंट हाउस में साथ काम करने के दौरान पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी इस बात से भी नाराज था कि उस पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए थे, जिससे वह सामाजिक रूप से आहत महसूस कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:20 बजे की बताई जा रही है। उस समय सलोचना देवी स्कूल की रसोई के बाहर बैठी थीं। आरोपी धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। घटना के दौरान स्कूल स्टाफ ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार टीमों का गठन किया और करीब 40 मिनट के भीतर आरोपी को उसके घर के समीप स्थित एक मंदिर से गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहता है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और संबंधित साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि न्यायालय में मजबूत पक्ष प्रस्तुत किया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *