शाहपुर, 13 फरवरी:
कांगड़ा ज़िले के शाहपुर क्षेत्र की बेटी डॉ. प्रतिभा जरियाल ने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर पर्यावरण अधिकारी के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी प्रथम नियुक्ति जिला कांगड़ा के अंतर्गत उपायुक्त (DC) कार्यालय, धर्मशाला में पर्यावरण अधिकारी (प्रशिक्षु) के रूप में हुई है।
डॉ. प्रतिभा ने अपनी दसवीं की शिक्षा ज्ञान अर्पण पब्लिक स्कूल, शाहपुर से तथा प्लस टू की पढ़ाई जीएबी पब्लिक स्कूल, कांगड़ा से पूर्ण की। इसके बाद उन्होंने बी.एससी. (मेडिकल) की डिग्री राजकीय डिग्री कॉलेज, धर्मशाला से प्राप्त की। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से एम.एससी. (बॉटनी) और पीएचडी (बॉटनी) की उपाधि हासिल की।
उन्होंने सीएसआईआर–यूजीसी नेट–जेआरएफ की संयुक्त परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर अपनी शैक्षणिक क्षमता का परिचय दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने लगभग चार माह तक डिग्री कॉलेज, मोहाली में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में अध्यापन कार्य भी किया। उनके कई शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं, जो उनके शोध कार्य की गुणवत्ता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को दर्शाते हैं।
शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध अनुभव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण के चलते उनका चयन पर्यावरण अधिकारी (प्रशिक्षु) के रूप में हुआ है, जो उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है।
डॉ. प्रतिभा जरियाल के पिता श्री जयचंद जरियाल हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड से जेई पद से सेवानिवृत्त हैं। माता श्रीमती पुष्पा जरियाल गृहिणी हैं तथा वर्तमान में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 से मनोनीत पार्षद हैं। उनके भाई रोहित जरियाल आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं तथा भाभी शाइना कपूर जरियाल एम.कॉम (लेक्चरर, कॉमर्स) के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
डॉ. प्रतिभा की यह उपलब्धि उनके परिवार के साथ-साथ पूरे शाहपुर क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनकी सफलता पर परिवारजनों, शिक्षकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।