हमीरपुर के बड़ू में आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल, मलबे में फंसे 16 लोगों को रेस्क्यू कर पहुंचाया अस्पताल

25 नवम्बर: हमीरपुर के बड़ू स्थित बहुतकनीकी महाविद्यालय में बुधवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की ओर से नागरिक सुरक्षा मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें एयर रेड और ब्लैकआउट जैसी आपात परिस्थितियों के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया गया।

मॉक एक्सरसाइज में होमगार्ड्स, अग्निशमन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने भाग लिया। इसके अलावा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवियों और एनसीसी कैडेटों ने भी बचाव कार्यों में हिस्सा लिया।

अभ्यास के दौरान निर्धारित परिदृश्य के अनुसार बहुतकनीकी महाविद्यालय के एक भवन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बचाव दलों ने मलबे में फंसे 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। पूरे अभियान को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए महाविद्यालय के बास्केटबॉल ग्राउंड में स्टेजिंग एरिया बनाया गया, जहां से एसडीएम संजीत सिंह की अध्यक्षता में रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किया गया।

होमगार्ड्स के कमांडेंट एवं भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कमांडर विनय कुमार ने बताया कि इस बार मॉक एक्सरसाइज में आईआरएस के तहत सभी संबंधित विभागों के साथ नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवियों और एनसीसी कैडेटों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि जिले में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। आपात परिस्थितियों में ये स्वयंसेवी और एनसीसी कैडेट विभिन्न विभागों की टीमों के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसी उद्देश्य से उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण और अनुभव प्रदान करने के लिए मॉक एक्सरसाइज में शामिल किया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *