24 नवम्बर: मंडी जिले में विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के तहत लंबित मामलों का जल्द निपटारा किया जाएगा। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों को एफसीए प्रस्तावों की औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक वन संरक्षण अधिनियम के तहत 38 विकास परियोजनाओं को अंतिम स्वीकृति मिल चुकी है। इनमें लोक निर्माण विभाग की 18, जल शक्ति विभाग की 7, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की 2 और अन्य विभागों की 11 परियोजनाएं शामिल हैं।
उपायुक्त ने कहा कि जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित औपचारिकताएं समय पर पूरी करें और पूर्ण दस्तावेजों के साथ प्रस्ताव प्रस्तुत करें। उन्होंने मत्स्य, तकनीकी शिक्षा और एपीएमसी सहित सभी संबंधित विभागों को लंबित मामलों का प्राथमिकता से निपटारा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने को भी कहा, ताकि स्वीकृति प्रक्रिया में देरी न हो और विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जा सकें।
बैठक का संचालन वन मंडलाधिकारी (मुख्यालय) एसएस कश्यप ने किया। उन्होंने जिले में लंबित एफसीए प्रस्तावों की स्थिति और प्रगति की जानकारी दी। बैठक में डीएफओ मंडी संजीव शर्मा सहित लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि एसीएफ सुकेत, डीएफओ नाचन, जोगिंद्रनगर और करसोग सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।