21 नवम्बर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले में गग्गल हवाई अड्डे के समीप चैतड़ू में 18.29 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र के शुरू होने से प्रदेश में आईटी क्षेत्र को बढ़ावा मिलने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। अनुमान है कि अगले पांच वर्षों में यहां 350 से 400 लोगों को रोजगार मिलेगा और 15 से 20 नए उद्यमियों को सहयोग प्राप्त होगा।
इस केंद्र को हिमाचल प्रदेश में आईटी इकोसिस्टम मजबूत करने, निवेश आकर्षित करने और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। यहां आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के साथ प्लग-एंड-प्ले इन्क्यूबेशन की 106 सीटें, 5,031 वर्ग फुट का रॉ इन्क्यूबेशन स्पेस, प्रबंधकों के लिए चार केबिन, 40 सीटों वाला ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस और मीटिंग रूम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को सूचना प्रौद्योगिकी और निवेश के क्षेत्र में उभरते गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य आईटी कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करना और युवाओं को स्टार्टअप व उद्यमिता के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा में एसटीपीआई केंद्र की स्थापना से स्थानीय उद्यमियों और आईटी पेशेवरों को आधुनिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा। इससे प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार और करियर बनाने के अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार उभरते क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित कर रही है। ऐसी पहल से युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा और प्रदेश से पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि चैतड़ू स्थित एसटीपीआई केंद्र आने वाले समय में क्षेत्र में आईटी गतिविधियों, नवाचार और उद्यमिता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा।
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं सुशासन) गोकुल बुटेल, हिमाचल प्रदेश राज्य वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी, सचिव (स्वास्थ्य) आशीष सिंहमार, निदेशक डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस अभिषेक वर्मा, उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।