20 नवम्बर: चंबा। पर्यटन स्थल खज्जियार में पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी के बाद हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि गुस्साई पत्नी ने पति के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार, वीरवार सुबह पुलिस पोस्ट खज्जियार के समीप एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमन चौधरी की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान कुंजलाल के रूप में हुई है, जो खज्जियार में फोटोग्राफी का काम करके अपना जीवनयापन करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि बुधवार रात कुंजलाल और उसकी पत्नी रजनी के बीच घर जाने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान गुस्से में आकर रजनी ने कथित तौर पर पति के सिर पर पत्थर से वार कर दिया और उसे घायल अवस्था में मौके पर छोड़कर चली गई। रातभर ठंड में बाहर पड़े रहने और सिर से अत्यधिक खून बहने के कारण कुंजलाल की मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद हत्या के आरोप में रजनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।