20 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 22.63 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो युवक और एक युवती शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को CIA कांगड़ा की टीम ने पलवाना फोरलेन रोड पर नाकाबंदी के दौरान गाड़ी नंबर HP68A-5783 की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने वाहन से 22.63 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान तनिश (20) निवासी योल कैंट, धर्मशाला, विक्रम (28) निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मनाली और शिवानी (25) निवासी योल कैंट, धर्मशाला के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना कांगड़ा में FIR नंबर 221/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच की जा रही है।