19 नवम्बर: लडभड़ोल क्षेत्र में चार नाबालिग बच्चों समेत छह युवाओं की दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हर कोई अपनों को खोने वाले परिवारों के दुख में शामिल होने के लिए मौके पर पहुंचा। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र का माहौल चीख-पुकार और मातम में बदल गया।
वाहन के खाई में गिरने के बाद बच्चों के शवों को निकालने के लिए पुलिसकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर प्रयास किए। दूसरी ओर, सड़क पर अपने जिगर के टुकड़ों को खोने वाले परिजनों का दुख देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। परिजन बदहवास होकर इधर-उधर अपनों को तलाशते रहे। किसी को हादसे की भयावहता पर विश्वास नहीं हो रहा था, तो कोई अपने बच्चे को आखिरी बार देखने के लिए व्याकुल था।
इस दौरान एक मां की अपने बच्चे को पुकारती दर्दभरी आवाज ने मौके पर मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। एंबुलेंस के सायरन के बीच परिजनों की चीख-पुकार से पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। हादसे ने एक साथ कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। स्थानीय निवासी राम सिंह और तेज सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि बच्चों के शव देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
हादसे के बाद लडभड़ोल क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग शोकाकुल परिवारों के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।