09 फरवरी: ज्वाली वन रेंज की ज्वाली बीट से सटे जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से खैर के पेड़ों के कटान का मामला सामने आया है। मौके पर निरीक्षण के दौरान कुछ खैर के पेड़ जड़ से उखड़े हुए तथा कटे हुए अवशेष जंगल में पड़े मिले, जिससे अवैध कटान की पुष्टि होती नजर आ रही है।
सूत्रों के अनुसार, बीते दिन एक ठेकेदार के खैर डंप से कुछ खैर का माल रेंज कार्यालय ज्वाली में लाया गया है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।
मामले की पुष्टि के लिए जब ज्वाली रेंज अधिकारी आशीष कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में इस तरह की कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि एक मामला पहले सामने आया था, लेकिन वह पुराना है।
इसके बाद जब मौके पर जाकर जंगल क्षेत्र का निरीक्षण किया गया, तो वहां खैर के अवैध कटान के स्पष्ट साक्ष्य पाए गए। वहीं रेंज कार्यालय ज्वाली में एक तिरपाल के नीचे भारी मात्रा में खैर का हार्ट वुड रखा हुआ मिला। यह हार्ट वुड किस कार्रवाई के तहत और किस मामले से संबंधित है, इसकी मौके पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
मामले को लेकर जब रेंज अधिकारी आशीष कुमार, फॉरेस्ट गार्ड मोहित और ब्लॉक अधिकारी चरणजीत से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो किसी से भी संपर्क नहीं हो सका। वहीं वन मंडल अधिकारी नूरपुर संदीप कोहली ने कहा कि वह इस संबंध में ज्वाली रेंज अधिकारी से जानकारी प्राप्त करेंगे।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि उच्च अधिकारी मामले का संज्ञान लेते हैं या नहीं और अवैध खैर कटान को लेकर आगे क्या कार्रवाई की जाती है।