11 नवम्बर: मंडी जिले के पंडोह में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 पेटी बीयर बरामद की हैं। मंडी-पंडोह फोरलेन पर सात मील के समीप मंगलवार देर रात पुलिस ने एक फोर व्हीलर से पंजाब ब्रांड की बीयर की खेप पकड़ी। पुलिस की नाकाबंदी देखकर चालक कुछ दूरी पहले ही वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन और बीयर की खेप कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पंडोह चौकी प्रभारी राकेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक जीप के माध्यम से पंजाब ब्रांड की भारी मात्रा में बीयर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ मंगलवार रात करीब दो बजे मंडी-पंडोह फोरलेन पर सात मील के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान वहां एक संदिग्ध फोर व्हीलर पहुंची। सामने पुलिस टीम को देखकर चालक ने कुछ दूरी पहले ही वाहन रोक दिया और उसे छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें बीयर की 200 पेटियां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने वाहन और शराब की खेप को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बीयर की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार नाकाबंदी और गश्त कर रही है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पंडोह चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने महज तीन दिन पहले ही चौकी का कार्यभार संभाला था। कार्यभार संभालने के बाद 200 पेटी बीयर की खेप पकड़ना उनकी पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।