07 फरवरी : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बैजनाथ क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। स्थानीय बचत भवन स्थित इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार सुबह बैडमिंटन खेलते समय 55 वर्षीय ठेकेदार रवि राणा का दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रवि राणा, निवासी पट गांव, पंचायत चौबीन, रोज़ की तरह सुबह करीब 5:30 बजे बैडमिंटन खेलने पहुंचे थे। एक गेम पूरा करने के बाद वह आराम करने के लिए कुर्सी पर बैठे और पानी पी रहे थे, इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह नीचे गिर पड़े।
साथी खिलाड़ियों ने तुरंत उन्हें नागरिक अस्पताल बैजनाथ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण दिल का दौरा बताया जा रहा है।
रवि राणा क्षेत्र में एक सक्रिय और खेल प्रेमी व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। वे नियमित रूप से योग और बैडमिंटन के माध्यम से अपनी फिटनेस बनाए रखते थे। पिछले वर्ष महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी उन्होंने भाग लिया था।
रवि राणा अपने पीछे पत्नी और एक बेटी को छोड़ गए हैं। शुक्रवार दोपहर बाद महाकाल स्थित श्मशान घाट में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।