भ्रष्टाचार में घिरे अधिकारी-कर्मचारी, सात के खिलाफ CBI, 250 के विरुद्ध विजिलेंस कर रही जांच

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

06 मार्च। प्रदेश के 269 सरकारी अधिकारी-कर्मचारी भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्त हैं। इनके विरुद्ध भ्रष्टाचार से संबंधित सीबीआई और विजिलेंस के मामले चल रहे हैं। प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों, निगमों, बोर्डों व बैंकों के भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारी व कर्मचारियों की सूची शुक्रवार को सदन के पटल पर रखी गई। इस सूची में शामिल सात आरोपियों के खिलाफ सीबीआई और 250 के करीब अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ विजिलेंस जांच कर रही है। शेष आरोपियों के खिलाफ दूसरी जांच एजेंसियों का शिकंजा कसा है।

भ्रष्टाचार के अधिकतर मामले वन, राजस्व, शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग से संबंधित हैं। विधायक राजेंद्र राणा के प्रश्न के लिखित उत्तर में सीएम ने कहा कि यह मामले 31 अगस्त, 2020 तक के हैं, जिसमें सीबीआई ने पुलिस विभाग से पांच, उद्योग विभाग से एक व उच्चतर शिक्षा विभाग से एक को आरोपी बनाया गया है।

इसके अलावा प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में सेवाएं देने वाले करीब 250 अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ विभिन्न आरोपों के चलते मामले विजिलेंस के हवाले किए गए हैं। सरकार की तरफ से उपलब्ध लिखित उत्तर के अनुसार कांगड़ा बैंक, सहकारी सभाएं विभाग, क्षेत्रीय परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, सहकारी बैंक और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित अधिकारी व कर्मचारी भी जांच के दायरे में आए हैं। मृदा संरक्षण, खाद्य आपूर्ति, परिवहन व टीसीपी विभाग तक भी भ्रष्टाचार की आंच पहुंची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *