07 फरवरी: सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से ठगी करने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर अम्ब पुलिस ने नंगल की एक कंपनी से जुड़े तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपमंडल अम्ब के तहत गांव ज्वार निवासी अशोक कुमार पुत्र गुरदेव सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनका बेटा रोहित कुमार एक पोकलेन ऑपरेटर है और नौकरी की तलाश में था। नवंबर 2015 में आरोपी उनसे अम्ब में मिले और सऊदी अरब की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
आरोपियों ने 1500 रियाल मासिक वेतन, ओवरटाइम के साथ मुफ्त आवास और भोजन की सुविधा का आश्वासन दिया। शिकायत के अनुसार वीजा और हवाई टिकट के नाम पर पासपोर्ट व ड्राइविंग लाइसेंस लेकर करीब 80 हजार रुपये की मांग की गई, जिसके लिए उन्होंने ऋण लेकर राशि का प्रबंध किया।
इसके अलावा दिल्ली में मेडिकल जांच और साक्षात्कार के नाम पर भी 6500 रुपये खर्च करवाए गए, लेकिन इसके बावजूद युवक को विदेश नहीं भेजा गया। कुछ समय बाद आरोपियों ने 25 हजार रुपये और पासपोर्ट लौटा दिया, जबकि शेष 61,500 रुपये और ड्राइविंग लाइसेंस वापस नहीं किया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने युवक के ड्राइविंग लाइसेंस का दुरुपयोग कर किसी अन्य व्यक्ति को सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी दिलवा दी।
एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।