कामकाज में लापरवाही पर कांग्रेस नेता की चेतावनी, कहा– सुधार नहीं हुआ तो होगा कार्यालयों का घेराव

06 फरवरी अभिषेक मिश्रा: प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव ठाकुर हीरा पाल सिंह ने ग्राम पंचायत पंजगाई के दौरे के दौरान प्रदेश में व्याप्त अव्यवस्था को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यशैली पर कड़ी नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तंत्र की लापरवाही के चलते आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है और यदि हालात में जल्द सुधार नहीं हुआ तो संबंधित कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

दौरे के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर रैन शेल्टर, सड़कों की स्थिति, पेयजल आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं सुनीं। हीरा पाल सिंह ने कहा कि अधिकारियों को न जनता का डर है और न ही सरकार का, जिस कारण आवश्यक कार्यों में लगातार देरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों द्वारा जारी निर्देशों के बावजूद योजनाएं धरातल पर उतरती नजर नहीं आ रही हैं।

कांग्रेस नेता ने चेताया कि प्रशासनिक उदासीनता और जनता की अनदेखी का सीधा असर पार्टी पर पड़ सकता है और यही रवैया वर्ष 2027 के चुनावों में कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए, जनसमस्याओं को प्राथमिकता दी जाए और चुनावी वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

हीरा पाल सिंह ने कहा कि जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं में बढ़ती नाराज़गी को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है और यदि सरकार ने समय रहते कदम नहीं उठाए तो इसका राजनीतिक नुकसान तय है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *