05 फरवरी: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ऐलान किया है कि पाकिस्तान आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलेगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला बांग्लादेश के समर्थन में और आपसी एकता के तहत लिया गया है।
फेडरल कैबिनेट बैठक में शहबाज शरीफ ने कहा कि खेल को राजनीति से दूर रहना चाहिए, लेकिन भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ खड़ा रहेगा। जियो न्यूज के अनुसार, पाकिस्तान ने यह कदम आईसीसी द्वारा बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के विरोध में उठाया है।
दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा और लॉजिस्टिक कारणों से अपने मैच भारत के बाहर कराने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने ठुकरा दिया। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान का मानना है कि आईसीसी ने इस मामले में बांग्लादेश के साथ पक्षपात किया। वहीं आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील करते हुए कहा है कि इस तरह का बहिष्कार क्रिकेट और उसके वैश्विक प्रशंसकों के हित में नहीं है।