देहरा में नए बस रूटों पर एचआरटीसी बस सेवाएं शुरू, विधायक कमलेश ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी

13 अक्तूबर: देहरा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विधायक कमलेश ठाकुर ने मंगलवार को देहरा बस स्टैंड से एचआरटीसी की नई बस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक आयुष उपाध्याय ने विधायक को हिमाचली शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। विधायक ने धार रूट पर शुरू हुई बस में सफर भी किया।

एचआरटीसी की ओर से शुरू किए गए नए बस रूटों में देहरा से लंज वाया लुनसु एवं धार, सकरी से ढलियारा वाया हरिपुर एवं खैरिया होते हुए देहरा तथा देहरा से धन्नोटू वाया बड़ा शामिल हैं।

इस अवसर पर विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। नए बस रूट शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

विधायक ने बताया कि जल्द ही चिंतपूर्णी रूट पर वाया नेहरन पुखर, नलसूया और चनौता बस सेवा शुरू करने की भी योजना है। इससे क्षेत्र के लोगों को परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष निष्ठा चम्वयाल, उपाध्यक्ष किरण, वार्ड सदस्य उपासना एवं किरण शर्मा, कांगड़ा कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व निदेशक सुनील कश्यप, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महासचिव इन्द्र शर्मा, सचिव आशा डडवाल, बलजीत डडवाल, राज कुमार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित ठाकुर, पूर्व प्रधान रंजना नरोतरा, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक आयुष उपाध्याय, वनमंडलाधिकारी अरुण कुमार, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी करतार चन्द, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मनोज शर्मा और नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अनुभव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, कांग्रेस कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *