पतलीकूहल में भाजपा सम्मेलन, जेपी नड्डा बोले- मोदी के नेतृत्व में साकार होगा विकसित भारत का सपना

12 अक्तूबर: मनाली विधानसभा क्षेत्र के पतलीकूहल मेला मैदान में रविवार को जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन के 25 वर्ष बिना छुट्टी के देश की सेवा में समर्पित किए हैं। उनके नेतृत्व में ही विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को बड़ी जीत मिली है।

नड्डा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के चार साल कुव्यवस्था, कुप्रबंधन, कुनीति और कुशासन के लिए याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने विकास और जनकल्याण के लिए जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में काम किया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना जरूरी है।

जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश में रेल विस्तार के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह रामपुर तक रेल पहुंचाना चाहते थे, लेकिन मौजूदा सरकार बिलासपुर से बैरी तक रेललाइन के विस्तार में भी अपेक्षित प्रगति नहीं कर पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में जहां तक जमीन के मुआवजे का भुगतान हुआ था, रेललाइन का निर्माण भी उसी सीमा तक हो पाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार न तो जमीन अधिग्रहण का मुआवजा दे रही है और न ही रेल परियोजना के लिए हिमाचल प्रदेश की हिस्सेदारी का बकाया भुगतान कर रही है। नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई गई धनराशि का उपयोग करने में भी प्रदेश सरकार विफल रही है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बार-बार केंद्र से पर्याप्त मदद नहीं मिलने का आरोप लगाती है, जबकि केंद्र ने हिमाचल प्रदेश को उसके हक से भी अधिक धनराशि उपलब्ध करवाई है।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, गोविंद ठाकुर, सुरेंद्र शौरी, लोकेंद्र कुमार, नरोत्तम ठाकुर, बिहारी लाल शर्मा, प्रियंता, अमित सूद, अखिलेश कपूर, दानवेंद्र सिंह और धनेश्वरी सहित भाजयुमो अध्यक्ष, नवनिर्वाचित प्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *