23 सितम्बर: बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 6 अक्टूबर को प्रस्तावित बिलासपुर दौरे की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। राष्ट्रपति के इस दौरे के दौरान एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है।
उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति का दौरा गरिमापूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी जिम्मेदारियां तत्परता, जवाबदेही और निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे से जुड़े सभी मार्गों का बारीकी से निरीक्षण करने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने को कहा। संबंधित उपमंडल प्रशासन को श्री नैना देवी मंदिर में राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।