2 फरवरी: हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के कर्मचारी, इंजीनियर और पेंशन भोगी 12 फरवरी को राज्यव्यापी पेन-डाउन व टूल-डाउन हड़ताल पर रहेंगे। यह फैसला राष्ट्रीय विद्युत कर्मचारी एवं अभियंता समन्वय समिति के राष्ट्रव्यापी आह्वान के समर्थन में लिया गया है। हड़ताल का मुख्य कारण प्रस्तावित विद्युत (संशोधन) विधेयक 2025 और बिजली क्षेत्र से जुड़े अन्य मुद्दों का विरोध है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी, अभियंता व पेंशनर्स संगठनों की संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि इस आंदोलन में देशभर के लगभग 27 लाख बिजली कर्मचारी और अभियंता शामिल होंगे। जेएसी द्वारा हस्ताक्षरित नोटिस बोर्ड प्रबंधन को सौंप दिया गया है।
हड़ताल के दिन कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर मौजूद रहेंगे, लेकिन 24 घंटे तक नियमित कार्य नहीं करेंगे। जेएसी ने स्पष्ट किया है कि ग्रिड स्थिरता, सार्वजनिक सुरक्षा और आवश्यक व आपातकालीन सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।
इस दिन दोपहर के भोजन अवकाश के दौरान प्रदेशभर में बोर्ड कार्यालयों के बाहर कर्मचारी, पेंशनर्ज और उपभोक्ताओं के साथ मिलकर बिजली बोर्ड के निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन करेंगे। जेएसी ने बोर्ड प्रबंधन से मांग की है कि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर सार्थक बातचीत कर शीघ्र समाधान निकाला जाए।