2 फरवरी : जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत कचौली के अंतर्गत गांव साईं कनैता में देर रात अचानक लगी आग से एक गौशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई। यह गौशाला सुरेश कुमार की बताई जा रही है। आगजनी की इस घटना में गौशाला में रखा चारा, लकड़ी और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए गौशाला में बंधे सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की सूझबूझ से गौशाला से सटे रिहायशी मकान को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और गांव तक सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
ग्राम पंचायत कचौली के निवर्तमान प्रधान महेंद्र ठाकुर ने बताया कि आगजनी से सुरेश कुमार को लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक सड़क सुविधा न होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके तक नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि सड़क सुविधा होती तो समय रहते फायर ब्रिगेड की मदद से नुकसान को कम किया जा सकता था।