डोडरा क्वार से 85 वर्षीय अधरंग पीड़ित महिला को बर्फबारी के बीच एयरलिफ्ट कर PGI चंडीगढ़ पहुंचाया

2 फरवरी: रविवार को भारी बर्फबारी के बीच जिला शिमला के दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार से 85 वर्षीय अधरंग पीड़ित बुजुर्ग महिला को एयरलिफ्ट कर पीजीआई चंडीगढ़ उपचार के लिए पहुंचाया गया। प्रदेश सरकार के त्वरित प्रयासों से भारतीय वायुसेना के दो हेलीकॉप्टरों की मदद से यह रेस्क्यू संभव हो पाया।

जानकारी के अनुसार गांव कितरवाड़ी, तहसील डोडरा क्वार की स्थायी निवासी धर्मी (85) पिछले एक सप्ताह से अधरंग से पीड़ित थीं और उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। 31 जनवरी को मरीज के परिजनों ने एसडीएम डोडरा क्वार एवं नायब तहसीलदार के समक्ष मामला रखा, जिसके बाद मरीज के पुत्र जिया सेन ने प्रशासन से एयरलिफ्ट की मांग की। जिला प्रशासन शिमला ने तुरंत प्रदेश सरकार को पत्र भेजकर एयरफोर्स हेलीकॉप्टर के माध्यम से मरीज और तीमारदारों को ले जाने की सिफारिश की।

प्रदेश सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल भारतीय वायुसेना से संपर्क साधा। रविवार को दो हेलीकॉप्टर डोडरा क्वार भेजे गए। एक हेलीकॉप्टर में मरीज और एक तीमारदार को एयरलिफ्ट किया गया, जबकि दूसरे हेलीकॉप्टर से मरीज के अन्य परिजनों को ले जाया गया। पहले मरीज को आईजीएमसी शिमला लाने की योजना थी, लेकिन मौसम खराब होने के कारण शिमला में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग संभव नहीं हो पाई। इसके बाद प्रशासन ने निर्णय लिया कि मरीज को सीधे पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचाया जाए।

जीएडी के संयुक्त सचिव अनिल मनकोटिया ने एयरलिफ्ट के लिए एयरफोर्स प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया तथा पीजीआई में तैनात प्रदेश सरकार के अधिकारियों से भी संपर्क किया। एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा ने पीजीआई में मरीज और परिजनों के चेकअप व अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। पीजीआई में डिप्टी डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन पंकज राय एवं प्रशासनिक अधिकारी आशीष मरीज के उपचार संबंधी सभी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने बताया कि डोडरा क्वार के स्थानीय प्रशासन से मरीज की सूचना प्राप्त हुई थी। चांशल क्षेत्र में भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण सड़क मार्ग संभव नहीं था, ऐसे में एयरलिफ्ट ही एकमात्र विकल्प था। प्रदेश सरकार के सहयोग से मरीज और परिजनों को सुरक्षित पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचाया गया है। मरीज को पीजीआई में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है तथा प्रशासन के अधिकारी हरसंभव सहायता के लिए मौजूद हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *