राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के बीसीए छात्रों का ओडिशा शैक्षणिक भ्रमण सफल

धर्मशाला , 1 फरवरी : 

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के बीसीए विभाग द्वारा आयोजित वार्षिक शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शैक्षणिक यात्रा में 23 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों के साथ प्रो. रितेश ठाकुर एवं प्रो. निशांत धीमान मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहे।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ओडिशा के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन किया। इनमें पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर, कोणार्क का विश्व प्रसिद्ध सूर्य मंदिर, भुवनेश्वर का लिंगराज मंदिर, साक्षी गोपाल मंदिर, रघुराजपुर हेरिटेज विलेज तथा नंदन कानन चिड़ियाघर शामिल रहे। इन स्थलों के भ्रमण से विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

बीसीए विभाग के समन्वयक डॉ. रंजीत ठाकुर ने कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। इससे न केवल उनके ज्ञान में वृद्धि हुई, बल्कि अनुशासन, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता का भी विकास हुआ।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह, अनुशासन और जिम्मेदारी का परिचय दिया, जिससे यह शैक्षणिक यात्रा स्मरणीय और सफल रही।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *