बीबीएन, 1 फरवरी , शांति गौतम:
हिमाचल ड्रग मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एचडीएमए) और भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय बजट 2026 में दवा उद्योग एवं फार्मा सेक्टर के लिए की गई घोषणाओं का स्वागत किया है।
एचडीएमए प्रदेश अध्यक्ष राजेश गुप्ता, एचडीएमए प्रवक्ता संजय शर्मा तथा भाजपा बिलासपुर के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष प्रेम गौतम ने कहा कि केंद्रीय बजट में फार्मा सेक्टर को मजबूती देने के लिए कई दूरगामी और सकारात्मक निर्णय लिए गए हैं। बजट में बायोलॉजिक्स और बायोसिमिलर दवाओं के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के फंड के साथ ‘बायोफार्मा शक्ति’ पहल की घोषणा की गई है, जो भविष्य की वैश्विक चिकित्सा आवश्यकताओं के अनुरूप है।
उन्होंने बताया कि बजट में 17 कैंसर और 7 मधुमेह (डायबिटीज) की दवाओं पर आयात शुल्क में कटौती की गई है, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी। इसके अलावा तीन केमिकल पार्क, तीन आयुष/आयुर्वेदिक परियोजनाओं की घोषणा, एसएमई के लिए टीआरईडीएस प्लेटफॉर्म पर क्रेडिट गारंटी समर्थन तंत्र, एमएसएमई ग्रोथ फंड के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान तथा एमएसएमई संस्थानों के लिए ‘कॉरपोरेट मित्र योजना’ को भी बजट में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी, सीमा शुल्क और अन्य करों से जुड़े अनुपालन बोझ को कम करने के लिए सुधार समिति के गठन, टीडीएस स्लैब प्रावधानों में कमी तथा आयकर के कई कानूनों को मामूली जुर्माने के साथ गैर-आपराधिक बनाने जैसे कदम उद्योग के लिए अत्यंत सराहनीय हैं।
टीम हिमाचल ड्रग मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने केंद्रीय बजट 2026 को उद्योग हितैषी बताते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकार करने का समर्थन किया और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह बजट फार्मास्युटिकल क्षेत्र को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप प्रदान करता है।