समता और सामाजिक न्याय के प्रतीक थे संत गुरु रविदास जी : केवल सिंह पठानिया

शाहपुर, 1 फरवरी

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सिहोलपुरी में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के पावन अवसर पर शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लगभग 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले गुरु रविदास सामुदायिक भवन का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया। इस सामुदायिक भवन परिसर में संत गुरु रविदास जी की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि यह सामुदायिक भवन चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। प्रथम चरण में भवन की पहली मंज़िल का निर्माण किया जाएगा, जिसमें एक आधुनिक सभा भवन होगा। साथ ही परिसर में गुरु रविदास जी एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर से संबंधित साहित्य भी उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भवन का स्थान सड़क किनारे एवं विधानसभा क्षेत्र के मध्य में स्थित होने के कारण भविष्य में इसका और विस्तार किया जाएगा। आगामी चरणों में यहां बच्चों और युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

उपमुख्य सचेतक ने सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने हेतु मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा रविदास सभा के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि संत गुरु रविदास जी भक्ति आंदोलन के प्रमुख आध्यात्मिक सुधारक थे। उन्होंने जाति व्यवस्था, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध आवाज़ बुलंद की तथा समाज को समता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। गुरु रविदास जी का मानना था कि मनुष्य की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म और चरित्र से होती है।

उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की वाणी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उनके समय में थी और उन्होंने वंचित एवं शोषित वर्गों को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी।

इससे पूर्व उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया सिहुवां पंचायत के छतरु में आयोजित गुरु रविदास जयंती समारोह में भी शामिल हुए।

कार्यक्रम में रविदास सभा शाहपुर के प्रधान प्रभात ने मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया, जबकि रविदास सभा के प्रदेश अध्यक्ष पी.सी. भाटिया ने गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षकगण, रविदास सभा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *