31 अगस्त, कविता शान्ति गौतम : कुटुंब प्रबोधन नालागढ़ की ओर से अमरावती अपार्टमेंट के क्लब हाउस में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें 65 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संयोजिका लक्ष्मी ने भारत माता पूजन के साथ की। इसके बाद इंदु और उनकी टीम के बच्चों ने मंगल गान प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में बच्चों को सीनियर और जूनियर विंग में विभाजित किया गया।
सीनियर विंग में कबीर ने प्रथम, आदित्य झा ने द्वितीय और आसिमा ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं जूनियर विंग में गरिमा प्रथम, अमृत रंजन द्वितीय और वेदांश तृतीय स्थान पर रहे। विजेता बच्चों को नालागढ़ जिला संघ चालक महेश कौशल, कुटुंब प्रबोधन के सह प्रांत प्रमुख राजेश तथा प्रांत नव दंपति आयाम सह प्रमुख चंदा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राजेश ने बच्चों को जापान का उदाहरण देते हुए देशभक्ति से जुड़ी कहानी सुनाई। बच्चों ने कहानी को काफी रुचि के साथ सुना। महेश कौशल ने मेजर ध्यानचंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि मन में लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो व्यक्ति अपने उद्देश्य को अवश्य प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम में नगर कार्यवाह यशकर, प्रदीप कुमार, नालागढ़ जिला संयोजक धीरज कुमार, बद्दी नगर संयोजक भागीरथ, नालागढ़ जिला नव दंपति आयाम प्रमुख सारिका, नालागढ़ जिला टोली सदस्य मीनाक्षी और अंजलि मिश्रा झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में डेढ़ सौ से अधिक लोगों ने भाग लिया।
समापन अवसर पर चंदा ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं समय-समय पर आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि बच्चों में आत्मविश्वास बढ़े और वे भविष्य में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में बेहतर तैयारी के साथ शामिल हो सकें। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ किया गया।