31 अगस्त: राजकीय उच्च विद्यालय योल कैंट में अंडर-14 छात्र एवं छात्राओं की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ धर्मशाला के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यातिथि देवेंद्र जग्गी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन अनुशासन, ईमानदारी और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों से परिणाम की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ देने और निरंतर मेहनत को सफलता का आधार बनाने का आह्वान किया।
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों का खेलों से जुड़ना बेहद जरूरी है। खेल उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ सकारात्मक सोच और चुनौतियों का सामना करने का साहस भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
विद्यालय के मुख्याध्यापक राजिन्द्र प्रसाद ने मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनमें खेल भावना, अनुशासन, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष हरभजन सिंह भज्जी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश धीमान, हरीश, बॉबी गोस्वामी, संजीव सहोता, जयपाल, ओंकार चंद, विनोद राणा, पंकज मैहरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, विद्यालय स्टाफ, खिलाड़ी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।