पब्बर नदी में डूबे दोनों 16 वर्षीय छात्रों के शव बरामद, तलाश अभियान खत्म

27 अगस्त: शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू में पब्बर नदी में डूबे दोनों 16 वर्षीय छात्रों के शव बरामद होने के बाद दो दिन से चल रहा तलाश एवं बचाव अभियान समाप्त हो गया। बखिरना पुल के समीप नहाते समय करासा निवासी शिवेन और बनोटी निवासी सक्षम नदी के गहरे पानी में डूब गए थे।

बुधवार सुबह स्थानीय गोताखोर मंगतराम डोगरा ने घटनास्थल के आसपास तलाशी के दौरान शिवेन का शव बरामद किया। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने सक्षम की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने दूसरे छात्र सक्षम का शव भी नदी से बाहर निकाल लिया। दोनों शव बरामद होने के साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोनों छात्र पब्बर नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों, गोताखोरों और बचाव दल ने दोनों की तलाश शुरू कर दी थी।

एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा ने दोनों छात्रों के शव बरामद होने और सर्च ऑपरेशन समाप्त होने की पुष्टि की है। महज 16 वर्ष की उम्र में दोनों छात्रों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से बरसात के दौरान नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को ऐसे जोखिम वाले स्थानों से दूर रखने का आग्रह किया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *