11 अगस्त: ग्रामीण विकास विभाग की ओर से बीपीएल परिवारों की वास्तविक स्थिति और उनकी आवश्यकताओं को जानने के उद्देश्य से बचत भवन नूरपुर में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फेस-1 से फेस-8 सर्वे के तहत चिह्नित 29 पंचायतों के करीब 900 बीपीएल लाभार्थियों ने भाग लिया। पूर्व विधायक अजय महाजन ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान एसडीएम अरुण शर्मा, बीडीओ अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पूर्व विधायक अजय महाजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों से सीधे संवाद करने की पहल से उनकी वास्तविक समस्याओं और जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
एसडीएम नूरपुर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सर्वे के तहत चिह्नित बीपीएल परिवारों से सीधे बातचीत कर उनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करना है। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और किसी भी योग्य परिवार को सूची से बाहर न रहने देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बीडीओ अशोक कुमार ने लाभार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी पात्रता के आधार पर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विभाग की ओर से आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों को दी। लाभार्थियों ने भी अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं रखीं। अधिकारियों ने मौके पर ही उनके सवालों का जवाब देते हुए संबंधित योजनाओं और सुविधाओं को लेकर आवश्यक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में 29 पंचायतों से आए करीब 900 चिह्नित बीपीएल लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझने का प्रयास किया गया।