8 अगस्त , अभिषेक मिश्रा : हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से नम्होल वार्ड की जिला परिषद सदस्य सुरभि ठाकुर ने दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान भाजपा नेता रोशन ठाकुर भी मौजूद रहे। बैठक में नम्होल जिला परिषद वार्ड से जुड़े विभिन्न विकासात्मक मुद्दों और क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
सुरभि ठाकुर ने सोलधा स्थित आईटीआई में युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के लिए नए ट्रेड शुरू करने की मांग सांसद के समक्ष रखी। उन्होंने संस्थान में पंप ऑपरेटर, सिलाई-कढ़ाई और मैकेनिकल ट्रेड शुरू करने के साथ आईटीआई भवन के निर्माण की आवश्यकता भी बताई।
उन्होंने अल्ट्राटेक सीमेंट उद्योग से जुड़े डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) फंड का उपयोग बिलासपुर जिले की प्रभावित पंचायतों के विकास के लिए करने का मुद्दा भी उठाया। सुरभि ठाकुर ने कहा कि खनन और औद्योगिक गतिविधियों से प्रभावित पंचायतों में सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए इस फंड का प्राथमिकता के आधार पर इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने नम्होल वार्ड की विभिन्न समस्याओं से सांसद को अवगत करवाते हुए क्षेत्र के विकास के लिए सहयोग की मांग की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांसद अनुराग ठाकुर ने सुरभि ठाकुर द्वारा रखी गई मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।