कांग्रेस नेता कुशल जेठी ने थामा भाजपा का दामन, डॉ. बिंदल ने कराया शामिल

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

13 सितंबर।हिमाचल की राजनीति में बड़ा उलटफेर सामने आया है। कांग्रेस पार्टी से जुड़े नेता कुशल जेठी ने आज भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने एक प्रेस वार्ता के दौरान जेठी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

कुशल जेठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से बिखर चुकी है और कार्यकर्ता असंतुष्ट होकर हाशिए पर चले गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के तीन साल के कार्यकाल में किसी भी स्तर पर संगठनात्मक काम नहीं हो पाया। प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन नाममात्र का रह गया है, यहां तक कि बैठकें भी आयोजित नहीं हो रहीं। सोलन से कांग्रेस के मंत्री जनता से मिलते ही नहीं हैं, ऐसे में कार्यकर्ता व आम लोग अपनी बात किससे रखें। उन्होंने कहा कि वह राजनीति में सेवा भावना के साथ आए हैं और भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो वास्तविक रूप से जनता की सेवा कर रही है।प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश तीन चरणों में बड़ी आपदा से गुजरा—पहला मंडी, दूसरा कुल्लू और तीसरा चंबा। इस कठिन परिस्थिति में भाजपा ने फौरन फील्ड में उतरकर काम शुरू किया, जबकि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से नदारद रही।डॉ. बिंदल ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल का दौरा किया और लगातार आपदा राहत कार्यों की मॉनिटरिंग की। वहीं भाजपा के सात केंद्रीय मंत्री इस समय प्रदेश के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि अब तक भाजपा 18,000 राहत किट आपदाग्रस्त क्षेत्रों में पहुंचा चुकी है। इन किटों में एक महीने का राशन, तिरपाल, बाल्टी, मग जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आज रात तक 4,800 और राहत किट तथा 22 ट्रक राहत सामग्री चंबा पहुंच जाएंगे। इससे पहले 16 ट्रक सामग्री चंबा पहुंच चुकी है। साथ ही कल प्रदेश के राज्यपाल भी एक बड़ी खेप राहत सामग्री चंबा को सौंपेंगे।डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता आपदा के 24 घंटे के भीतर ही फील्ड में पहुंच गया था और प्रभावित लोगों की मदद शुरू कर दी थी। इसके विपरीत, कांग्रेस पार्टी के नेता आज तक फील्ड से बाहर ही हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब खुद देख रही है कि कौन पार्टी वास्तव में सेवा कर रही है और कौन केवल राजनीति कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *