आवाज ए हिमाचल
10 फरवरी।भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में केंद्रीय बजट की उपलब्धियों को गिनाया और इस दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। बीजेपी सांसद ने दिल्ली में कांग्रेस को मिली करारी हार को लेकर राहुल गांधी पर कटाक्ष भी किया।दरअसल, दिल्ली के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली है। ये तीसरी बार है जब कांग्रेस लगातार जीरो सीट पर सिमटी है। दिल्ली के नतीजों के बाद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और उनकी पार्टी के चुनावों में ट्रैक रिकॉर्ड पर सवाल उठाए।आज संसद में अपने भाषण के दौरान अनुसार ठाकुर ने एक प्ले कार्ड दिखाया। इस प्ले कार्ड पर लिखा था 12 लाख तक की आय पर जीरो टैक्स। इस कार्ड को दिखाते हुए अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी की ओर इशारा किया और कहा कि राहुल गांधी जी, जीरो गिन लीजिए। एक जीरो और है। बीजेपी सांसद ने यह भी कहा कि इस शून्य के बारे में कांग्रेस को बुरा लग सकता है, लेकिन सरकार करोड़ों आम लोगों में खुशी देख रही है।बता दें कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025 में नए आयकर स्लैब की घोषणा की थी। इस नए बजट स्लैब के अनुसार सालाना 12.75 लाख रुपये तक कमाने वाले वेतनभोगियों को आयकर से छूट दी गई है।लोकसभा में बोलते हुए बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस की हार की एक लंबी सूची सुनाई और पूछा कि कांग्रेस ने कुछ चुनावों में कितनी सीटें जीती हैं। बीजेपी नेता द्वारा पूछे गए हर सवाल पर अन्य भाजपा नेताओं ने शून्य कहा।
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि यदि किसी ने शून्य का यह रिकॉर्ड बनाने का काम किया है, तो वह राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी है। इसके साथ उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली चुनाव के नतीजों ने बता दिया कि दिल्ली वालों ने आपदा मुक्त दिल्ली कर दी है।
बता दें कि दिल्ली में फिर से उभरने की उम्मीद कर रही कांग्रेस लगातार तीसरी बार एक भी सीट नहीं जीत सकी। पार्टी ने 1998 से 15 साल तक दिल्ली पर शासन किया था।लोकसभा में अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं आप सबके सामने पूछता हूं कि 2014 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने कांग्रेस को कितनी सीटें दी थीं? शून्य। 2015 के विधानसभा में कांग्रेस को कितनी सीटें दी गईं? शून्य। 2019 के लोकसभा में कितनी सीटें दी गईं? शून्य। 2020 के विधानसभा में कितनी सीटें दी गईं? शून्य। 2024 के लोकसभा में कितनी सीटें दी गईं? शून्य। 2025 के विधानसभा में कितनी सीटें दी गईं? शून्य।