आवाज ए हिमाचल
04 फरवरी।भाजपा ने प्रदेश विधानसभा में नौकरियों में धांधली का बड़ा आरोप लगाया है। श्रीनयना देवी से विधायक रणधीर शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि 31 जनवरी को विधानसभा सचिवालय ने दो अधिसूचनाएं जारी कर 14 लोगों को नियुक्तियां दीं। इनमें पांच नियुक्तियां विधानसभा अध्यक्ष के क्षेत्र चंबा, पांच हमीरपुर से मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र और दो-तीन नियुक्तियां विधानसभा उपाध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र व सिरमौर से हुईं हैं। विधायक ने कहा कि नौकरियों की बंदरबांट की भाजपा कड़ा विरोध करती है और इन भर्तियों को रद्द कर मेरिट आधार पर करने की मांग करती है।मंगलवार को पत्रकार वार्ता में रणधीर ने सरकार से सवाल किया कि क्या नौकरियों में पारदर्शिता बरती गई।
क्या योग्यता और आरक्षण अधिकार रखे गए। अगर रखे गए तो क्या योग्य लोग इन्हीं तीन विधानसभा क्षेत्रों में थे। भाजपा का आरोप है कि धांधली करके इन पदों पर मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चहेतों को नौकरियां दी गईं। किसी के ड्राइवर के बेटे को नौकरी दे दी गई, किसी के सोशल मीडिया इंचार्ज को रख लिया गया। यह प्रदेश के बेरोजगारों के साथ भद्दा मजाक है। सीएम ने जो 5 लाख सरकारी नौकरियां योग्यता के आधार पर और आरक्षण लागू करके देने की गारंटी दी थी, उसकी धज्जियां उड़ाने का यह उदाहरण है। वह मांग करते हैं कि इन नियुक्तियों की जांच होनी चाहिए, क्योंकि इन नियुक्तियों में अपने आप में ही जो नाम और पते हैं, वे बता रहे हैं कि इनमें धांधली हुई है। इसलिए इन नियुक्तियों को रद्द करके पारदर्शिता के आधार पर ये पद भरे जाने चाहिएं, जिसमें मेरिट आधार होना चाहिए।