कड़ी मेहनत का मिला फल, कन्या स्कूल नादौन की दो सगी बहनों का जिला स्तरीय वॉलीबॉल टीम में चयन

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

नादौन। रावमापा कन्या नादौन के लिए यह गर्व का क्षण है, जब विद्यालय की दो सगी बहनों मनीषा और तनिष्का का चयन जिला स्तरीय अंडर-19 वॉलीबॉल टीम में हुआ है। ये दोनों बहनें अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिला हमीरपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस सफलता के पीछे विद्यालय के कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ शारीरिक अध्यापक विनोद कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिन्होंने छात्राओं को पूर्ण तन्मयता से प्रशिक्षण दिया।

विद्यालय के संस्कृत अध्यापक नरेश मलोटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पूर्व भी कन्या विद्यालय नादौन की वॉलीबॉल टीम सहित तीन कबड्डी खिलाड़ियों और दो बैडमिंटन खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए हो चुका है। इस सफलता में शारीरिक अध्यापक विनोद कुमार की मेहनत और समर्पण की अहम भूमिका रही है, जो छात्राओं के साथ सुबह और शाम के अलावा अवकाश के दिनों में भी घंटों अभ्यास करवाते रहे हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू रानी, उपप्रधानाचार्य परमजीत सिंह सहित समस्त अध्यापकों ने शारीरिक अध्यापक विनोद कुमार और छात्राओं की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। इस अवसर पर शारीरिक अध्यापक विनोद कुमार ने प्रधानाचार्या सहित सभी स्टाफ सदस्यों का धन्यवाद किया, जिन्होंने समय-समय पर छात्राओं का विविध खेलों में सहयोग किया, विशेष रूप से विद्यालय के लिपिक निकेश कुमार, संस्कृत अध्यापक नरेश मलोटिया व अंग्रेजी प्रवक्ता राजेश कुमार को विशेष धन्यवाद दिया, जो सुबह शाम भी बच्चों का सहयोग करते थे।

उन्होंने कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ किया गया प्रयास हमेशा फलदायी होता है। अब मनीषा और तनिष्का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपने प्रदर्शन से विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगी।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *