शाहपुर स्कूल में खंड स्तरीय खेलकूद टर्नामेंट का शुभारंभ

Spread the love

विधायक केवल पठानिया ने छात्राओं के साथ डाली नाटी, बच्चों को मेहनत करने की दी नसीहत

आवाज ए हिमाचल 

बबलू सूर्यवंशी, शाहपुर। राजकीय उत्कृष्ट माध्यमिक पाठशाला शाहपुर में खंड स्तरीय लड़कों की अंडर-19 खेलकूद टर्नामेंट का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ।

इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शिरकत की और इस टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। सबसे पहले स्कूली छात्राओं ने वंदन गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद शाहपुर खंड के विभिन्न स्कूलों से आए हुए छात्रों ने मार्च पास्ट पेश कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।

स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल जरियाल ने मुख्य अतिथि केवल सिंह पठानिया का स्वागत किया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। पंडाल उस समय तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा जब विधायक केवल सिंह पठानिया ने इशांत भारद्वाज की नाटी पर छात्राओं संग ठुमके लगाए। इसके बाद मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर इस टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही मुख्य अतिथि ने स्कूल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

 

अपने संबोधन में विधायक केवल सिंह पठानिया ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शाहपुर के बच्चे ही शाहपुर का भविष्य हैं। बच्चों को मैदान से ही मेहनत करनी चाहिए, तभी वह अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। दृढ़ इच्छा और पूरी लगन से किया हुआ काम जरूर फलीभूत होता है। इसलिए जीवन में हमेशा मेहनत करनी चाहिए।

यहां पर बता दें कि राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में शाहपुर में खंड स्तरीय खेलकूद का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में शाहपुर खंड के 23 स्कूलों से 276 बच्चे भाग रहे रहे हैं। यह प्रतियोगिता 6 सितंबर से 9 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिता में खो-खो, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन और रेसलिंग की प्रतियोगिताएं होने निर्धारित हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन कबड्डी के टूर्नामेंट करवाए गए।

इस मौके मुख्यातिथि के साथ एसडीएम शाहपुर करतार चंद, एसएचओ करतार सिंह ठाकुर, नगर पंचायत की अध्यक्ष ऊषा शर्मा, पूर्व सीएमओ सुशील शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सुरजीत राणा, नगर पंचायत के सभी पार्षद और विभिन्न विभागों के अधिकारी  और कई स्कूलों के प्रधानाचार्य व अन्य अध्यापक मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *