ठियोग में चिट्टा तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

शिमला। अप्पर शिमला के ठियोग उपमण्डल में पुलिस ने चिट्टा तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक कोटखाई व दूसरा ठियोग का निवासी है। ये अप्पर शिमला में चिट्टा सप्लाई करते थे। पुलिस ने यह कामयाबी चिट्टे की खेप के साथ इसी साल फरवरी माह में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर की।

दोनों आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय रक्षित चौहान पुत्र मोहन लाल निवासी प्रेमनगर कोटखाई और 34 वर्षीय बिक्रम पुत्र कन्हैया लाल निवासी छैला ठियोग के तौर पर हुई है। इस मामले में ठियोग पुलिस अब तक 10 तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है। ज्यादातर तस्कर कोटखाई-छैला इलाके के रहने वाले हैं। ठियोग के डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों आरोपियों को रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।

बता दें कि बीते 14 फरवरी को पुलिस ने कोटखाई के एक युवक परीक्षित को ठियोग बाईपास पर 12 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। जिसके बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में तस्करी में संलिप्त छह अभियुक्तों की पहचान कर उनकी गतिविधियों की निगरानी की। चिट्टे में इनकी संलिप्तता का खुलासा होने पर पुलिस ने बीते 6 अप्रैल को इन्हें गिरफ्तार किया था।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *