आवाज ए हिमाचल
राकेश डोगरा, पालमपुर। शुक्रवार को संजय सिंह चौहान अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुलह ने दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के दिग्गज नेताओं कुमारी शैलजा व अजय माकन से एक मुलाकात की। उन्होंने उनके साथ सुलह विधानसभा क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश में हो रही कांग्रेस पार्टी की उपलब्धियों की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि किस प्रकार प्रदेश सरकार की जनकल्याण नीतियों के बारे में जानकारी हर घर हर द्वार तक पहुंचाई जा रही हैं और जनता उनका लाभ भी प्राप्त कर रही है।
संजय सिंह चौहान ने बताया कि भेंटवार्ता में अजय माकन और कुमारी शैलजा ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की भरपूर सराहना की। उन्होंने आपदा में प्रदेश वासियों को राहत के लिए अपनी जीवन की जमा पूंजी देकर एक मिसाल कायम की है। संजय सिंह चौहान ने अजय माकन को बताया कि मुख्यमंत्री ने एक अलग तरह का नेतृत्व कायम किया है। केंद्र की कोई भी सहायता प्राप्त न होने के बावजूद भी मुख्यमंत्री ने केवल दो ही माह में आपदा पर नियंत्रण पा कर उचित प्रबंधन स्थपित करते हुए जनता को यथासम्भव राहत पहुंचाई है।
चौहान ने आगे कहा कि खाली खजाने के बावजूद भी ओ पी एस लागू की गई। सुखाश्रय योजना दी गई। विधवा मौद्रिक लाभ में बढ़ोतरी की गई। शिक्षा और खेल कूद जैसे क्षेत्रों में आर्थिक सहायता दी गई। और भी अनगिनत योजनाएं हैं जैसे बिजली बिल में कटौती, मल्टी टास्क वर्करों के माध्यम से रोज़गार के अवसर बढ़ाए गए इत्यादि।
चौहान ने सुलह विधानसभा क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए यह भी बताया कि प्रदेश की जनता सुख की सरकार से अत्याधिक प्रसन्न है, जिसका प्रमाण हाल ही में आयोजित एक वर्ष पूरा करने के उपलक्ष्य में मनाए गए सम्मेलन में पूरे प्रदेश से भीड़ के उमड़ने से मिलता है।