5 राज्यों से भूमि विवाद खत्म करेगा हरियाणा, अपनी सीमाओं पर लगाएगा पिलर 

Spread the love

 

आवाज़ ए हिमाचल 

चंडीगढ़, 5 मार्च। पड़ोसी राज्यों के साथ भूमि विवाद खत्म करने के लिए हरियाणा सरकार ने फैसला लिया है कि अब केवल यूपी की सीमा पर ही नहीं बल्कि पांचों पड़ोसी राज्यों की सीमाओं पर पिल्लर लगाए जाएंगे। इसके लिए हरियाणा सरकार ने पानीपत जिले से इसकी शुरूआत कर दी है।

यह जानकारी बजट सत्र दौरान हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने समालखा से विधायक धर्म सिंह छोक्कर के सवाल के जवाब में दी।

उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रदेश की पंजाब, दिल्ली, यूपी, हिमाचल प्रदेश व राजस्थान से सीमा लगती है, जहां पर कई बार लोगों के बीच अपनी जमीनी-हद को लेकर परस्पर विवाद होते रहते हैं। इनके समाधान के लिए राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश की सीमा पर पिल्लर लगाने का निर्णय लिया है।

हरियाणा-यूपी बॉर्डर पर पिल्लर लगने की प्रक्रिया पानीपत में शुरू कर दी गई है। इसमें एक साल में 5  रेफरेंस पिलर, 91 सब रेफरेंस पिलर और 2423 बाउंड्री पिलर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

दुष्यंत चौटाला ने बताया कि यमुना नदी के बहाव के कारण और समय के साथ बाउंड्री-पिल्लर नदी में बह गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के मध्य लखनऊ में 14 दिसंबर 2019 को और दोनों राज्यों के अधिकारियों के मध्य 9 जनवरी 2020 को चंडीगढ़ में एक बैठक हुई थी। यह मामला सर्वे ऑफ इंडिया के साथ भू-सीमांकन के लिए टेकअप किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *